विक्रम ने चांद की सतह पर 500 मीटर ऊपर से हार्ड लैंडिंग की थी: संसद में सरकार का जवाब

सरकार ने बुधवार को संसद में बताया कि चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम की चांद पर हार्ड लैंडिंग इस वजह से हुई, क्योंकि तय पैरामीटरों के हिसाब से उसका वेग कम नहीं हो पाया। चांद से करीब 500 मीटर की ऊंचाई से विक्रम ने हार्ड लैंडिंग की। 7 सितंबर को विक्रम को चांद के दक्षिण ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करनी थी, लेकिन इसमें वह नाकाम रहा था। विक्रम का अब तक कोई पता भी नहीं चला।


लोकसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक प्रश्न के लिखित जवाब में बताया, ''लैंडिंग कराए जाने के पहले फेज में विक्रम के चंद्रमा से 30 किमी से 7.4 किमी ऊंचाई पर आने तक सबकुछ सामान्य था। इस दौरान विक्रम का वेग भी 1683 मीटर प्रति सेकंड से घटकर 146 मीटर प्रति सेकंड आ गया था।'' सिंह के पास अंतरिक्ष विभाग का भी प्रभार है।